दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम अनिल कुमार मिश्रा ने बड़ाजामदा स्टेशन व साइडिंग का किया निरीक्षण, ओवरब्रिज व सौंदर्यीकरण का दिया आश्वासन

editor
2 Min Read

गुवा: दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल कुमार मिश्रा ने बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन एवं रेलवे साइडिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने जीएम से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपते हुए चक्रधरपुर रेल मंडल में यात्री सुविधाओं की कमी और ट्रेनों की लगातार देरी का मुद्दा उठाया।

मधु कोड़ा ने बताया कि चक्रधरपुर रेल मंडल से यात्री व मालगाड़ियों के माध्यम से हर वर्ष अरबों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, बावजूद इसके क्षेत्र के यात्रियों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने हावड़ा–बड़बील, हावड़ा–टाटा, हावड़ा–राउरकेला, टाटा–गुवा, टाटा–बड़बील, पुरी–बड़बील एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के 5–6 घंटे तक विलंब से चलने पर चिंता जताई और समयबद्ध संचालन की मांग की।

उन्होंने स्कूली बच्चों के रोज़ रेलवे ट्रैक पार करने से होने वाले खतरे का जिक्र करते हुए बड़ाजामदा स्टेशन क्षेत्र एवं रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग भी रखी।इस पर जीएम अनिल कुमार मिश्रा ने आश्वासन दिया कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्टेशन सौंदर्यीकरण का पूर्व ठेका गुणवत्ता असंतोषजनक होने के कारण रद्द कर दिया गया है और शीघ्र नया टेंडर जारी कर कार्य कराया जाएगा। साथ ही रेलवे फाटक पर भी ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान पूर्व जिला परिषद सदस्य शंभू हजरा, अजय सिंह, प्रफुल्ल महाकुड़, मनोज सुल्तानिया, ललिया दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment