धनबाद, 16 दिसंबर 2025:उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार धनबाद जिले में निःशक्त सहायतार्थ योजना (ADIP) और राष्ट्रीय वयोश्री योजना (RVY) के तहत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष Assessment कैम्प आयोजित किए जाएंगे।
भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के संयुक्त प्रयास से आयोजित इन शिविरों में पात्र लाभार्थियों को आवश्यकता के अनुसार ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं बाल विकास परियोजनाओं में चरणबद्ध तरीके से शिविर लगाए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने बताया कि ADIP योजना के अंतर्गत न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता वाले लाभार्थी पात्र होंगे, जबकि RVY योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक लाभ ले सकेंगे। शिविरों में दस्तावेजों की जांच के बाद ही लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी पात्र दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने प्रखंडों में आयोजित शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर योजना का लाभ उठाएं। यह पहल समाज के कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुगम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।















