गौ सेवा से जनसेवा तक: समर्पित स्वयंसेवकों का मारवाड़ी युवा मंच ने किया सम्मान

editor
2 Min Read

झरिया:अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवक दिवस के अवसर पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के निर्देशानुसार आयोजित सेवा सप्ताह के तहत मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा स्थानीय स्वयंसेवकों के सम्मान समारोह का आयोजन श्री श्याम प्रभु भवन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे व्यक्तित्वों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित करना रहा।

इस अवसर पर गौ-सेवा के क्षेत्र में निरंतर समर्पण के साथ कार्य कर रहे गौ सेवक अनिल खेमका को उनके उल्लेखनीय सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं समाजसेवा, संगठनात्मक सहयोग एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन के राकेश हेलिवाल को भी सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मारवाड़ी युवा मंच, करकेंद शाखा के पूर्व अध्यक्ष आनंद खंडेलवाल तथा समाजसेवी एवं भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्य समिति के सदस्य धर्मजीत सिंह को उनके निरंतर सामाजिक योगदान और जनसेवा के लिए सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में संयोजक निखिल खंडेलवाल के साथ मयंक केजरीवाल एवं सनी अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा ने सभी सम्मानित समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्व की भावना को और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment