रांची, 20 दिसंबर 2025:भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के 28 से 30 दिसंबर 2025 तक प्रस्तावित झारखंड परिभ्रमण कार्यक्रम को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इस संबंध में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रपति दौरे की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वागत-सत्कार एवं कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध और त्रुटिरहित तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रपति का दौरा सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
उपायुक्त ने साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति एवं यातायात नियंत्रण जैसे बिंदुओं पर विभागवार समीक्षा की। रूटलाइन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा घेरा, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी एवं ड्रोन निगरानी, पास सिस्टम और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर जोर दिया।
बैठक में यह भी बताया गया कि राष्ट्रपति दौरे के दौरान सभी प्रमुख अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा तथा चिकित्सा, स्वच्छता और आपात सेवाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। यातायात प्रबंधन के तहत वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग और आपातकालीन रूट्स को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को सजगता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा कि तैयारियों की लगातार समीक्षा की जाएगी। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत, पथ निर्माण, अग्निशमन, विमानपत्तन सुरक्षा सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने दोहराया कि राष्ट्रपति का परिभ्रमण पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा।















