पौष पार्बन मेले में बाउल लोकगीत की कर्णप्रिय प्रस्तुति, बांग्ला संस्कृति की छटा बिखरी

editor
2 Min Read

धनबाद: हीरापुर स्थित लिंडसे क्लब एवं लाइब्रेरी परिसर में आयोजित तीन दिवसीय पौष पार्बन मेले के दूसरे दिन शनिवार को बांग्ला लोक-संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली। स्थानीय कलाकारों ने बांग्ला गीत-संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक आरुप चटर्जी ने कलाकारों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का सशक्त माध्यम बताया।

मेले में धनबाद व आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न स्टॉलों पर लगे स्वादिष्ट व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया। बच्चों के लिए आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे प्रतिभागियों ने आकर्षक परिधानों में मंच पर शानदार प्रदर्शन किया।स्थानीय कलाकार कुशान सेनगुप्त और सिलविया राय की गायन व नृत्य प्रस्तुति विशेष रूप से सराही गई। वहीं बंगाल के मशहूर अंतरराष्ट्रीय बाउल कलाकार निताई बाउल की प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।

क्लब अध्यक्ष अमलेन्दु सिन्हा ने बताया कि बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के विजेताओं को मेले के अंतिम दिन 21 जनवरी को अतिथियों द्वारा प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि तीसरे और अंतिम दिन रविवार को कोलकाता के प्रसिद्ध बंगाल बैंड ‘मैनाक’ और उनकी टीम द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक क्लब एवं एसएनएमएमसीएच के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन भी होगा।क्लब पदाधिकारियों व सदस्यों ने मुख्य अतिथि और मेले में आए सभी आगंतुकों का स्वागत-अभिनंदन किया।

Leave a Comment