धनबाद, 20 दिसंबर 2025:धनबाद मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार को मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान सुनियोजित तरीके से दिन-रात विभिन्न स्टेशनों और मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में संचालित किया गया।
जांच के दौरान कुल 688 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री शामिल थे। इनसे 3,82,834 रुपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूली गई। पकड़े गए यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी गई।अभियान के दौरान स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने स्पष्ट किया कि टिकट जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट के साथ ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें और जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें, ताकि सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

















