मुरी (रांची), 22 दिसंबर 2025:रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने “नारकोस” अभियान के तहत मुरी रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशानुसार आरपीएफ पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभा रही है।
इसी क्रम में 21 दिसंबर 2025 को आरपीएफ फ्लाइंग टीम, रांची एवं आरपीएफ पोस्ट, मुरी द्वारा संयुक्त रूप से मुरी रेलवे स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या–1 के सिली छोर पर संदिग्ध अवस्था में बैठे दो पुरुष एवं एक महिला को हिरासत में लिया गया।
मामले की सूचना सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ रांची अशोक कुमार सिंह को दी गई, जिनके निर्देश पर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों के पास से कुल 46 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 23 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके पर डीडी किट से जांच करने पर गांजा होने की पुष्टि हुई।
आरपीएफ ने बरामद गांजा और मोबाइल फोन जब्त कर तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी मुरी को सौंप दिया। इस संबंध में जीआरपी मुरी द्वारा 21 दिसंबर 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(c)/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।इस सफल अभियान में आरपीएफ पोस्ट मुरी से निरीक्षक संजीव कुमार, उपनिरीक्षक पवन कुमार, रवि शंकर तथा आरपीएफ फ्लाइंग टीम से उपनिरीक्षक रवि शेखर, स्टाफ पूनम कुमारी, दिनेश प्रसाद, विष्णु/विश्राम लाल मीणा एवं प्रदीप शामिल रहे।आरपीएफ की इस कार्रवाई से रेलवे परिसर में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।















