रांची। झारखंड में उत्तर-पश्चिम से चल रही सर्द हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान लगातार गिर रहा है और कनकनी तेज हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, निचले क्षोभमंडल में सक्रिय ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की संभावना है। यह स्थिति 27 दिसंबर तक बनी रह सकती है।
राज्य के 9 जिलों में न्यूनतम तापमान पहले ही 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। गुमला सबसे ठंडा जिला रहा, जहां पारा 3.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डालटनगंज में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री, हजारीबाग में 7.2 डिग्री और राजधानी रांची में 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर 12.6 डिग्री के साथ अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में रहा।
मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, रांची, खूंटी और बोकारो को ठंड के लिहाज से संवेदनशील बताया है। इन जिलों में गुरुवार सुबह से शनिवार तक शीतलहर का असर अधिक रहने की चेतावनी जारी की गई है।तेज ठंड के चलते लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं, वहीं सुबह-शाम की ठंड ने बुजुर्गों और बच्चों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।















