गुवा। गुवा सेल प्रबंधन ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया है। इस क्रम में गुवा सेल के मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडी) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पांच गांवों के बीपीएल कार्डधारी 50 बच्चों के बीच नि:शुल्क स्कूल बैग, किताबें एवं पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक (खान) चंद्रभूषण कुमार ने किया। इस अवसर पर सिविल विभाग के महाप्रबंधक संजय बनर्जी, मानव संसाधन विभाग के महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, खान विभाग के महाप्रबंधक एस.पी. दास, मानव संसाधन विभाग के उपमहाप्रबंधक मिलन नंदी तथा सीएसआर विभाग के डीजीएम अनिल कुमार उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने बच्चों को शैक्षणिक सामग्री प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने कहा कि गुवा सेल प्रबंधन अपने 18 सीएसआर गांवों में से गुवासाई, नुईया, ठाकुरा, रोवाम और जोजोगुटू सहित आसपास के क्षेत्रों के गरीब एवं असहाय बीपीएल परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों के लिए बच्चों की पढ़ाई कराना कठिन है, ऐसे 50 बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सेल प्रबंधन द्वारा लगभग 95 बच्चों की गुवा डीएवी स्कूल की ट्यूशन फीस माफ कराई गई है। साथ ही बच्चों से शिक्षा को अपना लक्ष्य बनाने और अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की।पठन-पाठन सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में गुवा सेल प्रबंधन की सामाजिक प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।






















