गुवा में दो दिवसीय दुचा टोप्पो मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ

editor
2 Min Read

पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा में खेल प्रेमियों के लिए रविवार को उत्साह और रोमांच का माहौल देखने को मिला, जब हिरजीहाटिंग स्थित कारों कुंज फुटबॉल मैदान में दो दिवसीय दुचा टोप्पो मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। इस टूर्नामेंट का आयोजन कारों कुंज स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा किया गया है, जिसमें कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

टूर्नामेंट का उद्घाटन बड़ाजामदा ओपी थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने विशिष्ट अतिथियों समाजसेवी दिलबाग सिंह और मुकुंद बोसा के साथ स्वर्गीय दुचा टोप्पो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

उद्घाटन मुकाबला बेटा ब्रदर्स टीम और बुरुहुन टीम के बीच खेला गया, जो काफी रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं, जिसके बाद मैच का निर्णय पेनल्टी शूटआउट से हुआ। पेनल्टी में बुरुहुन टीम ने 3–2 से जीत दर्ज की।मुख्य अतिथि बालेश्वर उरांव ने पहला गोल करने वाले खिलाड़ी को 1500 रुपये तथा उद्घाटन मैच की विजेता बुरुहुन टीम को 3000 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की, जिसे मौके पर ही प्रदान किया गया।

आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सोमवार को खेला जाएगा, जिसमें जगन्नाथपुर विधानसभा के विधायक सोनाराम सिंकु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।मैच के सफल संचालन में रेफरी रोहित जेराई तथा लाइनमैन सुप्रीत किसान और मैक्स भांगड़ा का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर कारों कुंज स्पोर्ट्स एसोसिएशन के भादों टोप्पो, अजय लकड़ा, विष्णु किसान, कानु लोहार, रोहन लकड़ा, अर्जुन सुरीन, आकाश बड़ाईक सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Comment