ब्रेकिंग न्यूज़:-एसएनएमसीएच से चोरी हुआ नवजात भूली के रेगुनी से बरामद, अस्पताल कर्मचारी समेत चार गिरफ्तार

editor
2 Min Read

धनबाद।शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) से आदिवासी महिला के नवजात शिशु की चोरी के मामले में धनबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सरायढेला थाना पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर नवजात को भूली थाना क्षेत्र के रेगुनी इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में अस्पताल के एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, देर रात रेगुनी इलाके में छापेमारी कर नवजात को बरामद किया गया। इस दौरान अस्पताल में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारी मोहम्मद हासिम सहित एक महिला को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी नवजात को 1.5 लाख रुपये में बेचने की तैयारी में थे और रांची के किसी दंपति से इसके लिए पैसे भी लिए जा चुके थे।

फिलहाल नवजात को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और उसकी हालत सुरक्षित बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया जाएगा।

मनियाडीह की रहने वाली है पीड़िता-:पीड़ित महिला सरिता मरांडी टुंडी थाना क्षेत्र के मनियाडीह गांव की निवासी है। उसे 25 दिसंबर को प्रसव के लिए एसएनएमसीएच में भर्ती कराया गया था। शनिवार-रविवार की रात वार्ड से नवजात की चोरी कर ली गई थी, जिसकी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज के आधार पर ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment