कतरास ज्वेलरी डकैती का खुलासा, निक्कर गैंग का कारनामा, चार गिरफ्तार, 22 किलो आभूषण बरामद

editor
2 Min Read

धनबाद के कतरास बाजार में हुई बड़ी ज्वेलरी डकैती की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। खेतान टावर कॉम्प्लेक्स स्थित जमुना दास–बिसेसरलाल ऑर्नामेंटल ज्वेलरी दुकान में हुई डकैती का सफल उद्भेदन करते हुए पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटे गए करीब 22 किलोग्राम चांदी के गहने, 300 से 400 ग्राम सोने के आभूषण समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।

मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि बीती रात कतरास थाना क्षेत्र के खैतान चौक स्थित ज्वेलरी दुकान में अपराधियों ने सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर डकैती को अंजाम दिया था। बदमाश दुकान से भारी मात्रा में सोना-चांदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए थे।

डकैती के बाद अपराधी एक और वारदात की नीयत से जोगता थाना क्षेत्र पहुंचे, जहां चोरी की कोशिश के दौरान घरवालों की नींद खुल गई। शोर मचने पर स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर तीन अपराधियों को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर बाघमारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद एक अन्य अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से करीब 20–22 किलो चांदी के आभूषण, 300–400 ग्राम सोने के गहने, चार कंबल, एक गुलेल, दो टॉर्च, एक पेचकस और एक लोहे का सब्बल बरामद किया है।

एसएसपी ने बताया कि इस डकैती में कुल लगभग 15 अपराधी शामिल थे, जो धनबाद स्टेशन के पीछे छाई गद्दा इलाके को अपना ठिकाना बनाए हुए थे। अपराधी वारदात के समय केवल निक्कर (हाफ पैंट) पहनते थे, ताकि पहचान छिपाई जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी में धनबाद रेल पुलिस के जवान रितेश मीना और प्रदीप कुमार की अहम भूमिका रही है, जिन्हें पुलिस सम्मानित करेगी।फिलहाल पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Comment