धनबाद में एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) की कमी का असर अब सीधे मरीजों पर पड़ता नजर आ रहा है। धनबाद सदर अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन का स्टॉक खत्म होने के बाद कुत्ते, बिल्ली और अन्य जानवरों के काटने से पीड़ित मरीज इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच पहुंच रहे हैं, जिससे वहां मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सदर अस्पताल में एआरवी उपलब्ध नहीं होने के कारण रोजाना बड़ी संख्या में लोग एसएनएमएमसीएच का रुख कर रहे हैं। इससे ओपीडी और इमरजेंसी पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। मरीजों को समय पर इलाज मिले, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था करने की कोशिश की जा रही है।
वहीं स्वास्थ्य विभाग ने एंटी रैबीज वैक्सीन की आपूर्ति को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि जल्द से जल्द वैक्सीन उपलब्ध कराई जा सके। विभाग का कहना है कि आपूर्ति बहाल होते ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।इधर, बढ़ती भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को समय पर ड्यूटी निभाने का सख्त निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फिलहाल एसएनएमएमसीएच में इलाज की व्यवस्था जारी है, लेकिन एआरवी की कमी से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान कर लिया जाएगा।















