बांका:दहेज की लालच और बेटे की चाह ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। बांका जिले के कटियारी पंचायत अंतर्गत इंदौडीह गांव की रहने वाली 22 वर्षीय गुड़िया देवी और उसकी एक वर्षीय मासूम बेटी पिहू कुमारी की दहेज के लिए बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने दोनों की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिए।
जानकारी के अनुसार, गुड़िया देवी की शादी वर्ष 2023 में झारखंड के देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र स्थित पदन बेहरा गांव निवासी विष्णु यादव से हुई थी। शादी के समय गुड़िया के पिता बृजमोहन यादव ने अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था, जिसमें चांदी के आभूषण, नकद राशि, मोटरसाइकिल और घरेलू सामान शामिल थे।
शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा चार पहिया वाहन और चार लाख रुपये नकद की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी गई। मांग पूरी न होने पर गुड़िया को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी बीच गुड़िया ने एक बेटी को जन्म दिया, जिससे ससुराल वाले और अधिक नाराज हो गए।
प्रताड़ना से तंग आकर गुड़िया अपनी नवजात बेटी के साथ मायके आ गई थी। बताया जाता है कि करीब 15 दिन पहले पति विष्णु यादव मायके पहुंचा और विवाद के बाद गुड़िया को जबरन ससुराल ले गया। तीन दिन पूर्व पिहू का पहला जन्मदिन था, उसी दौरान पति, ससुर और अन्य परिजनों ने मिलकर मां-बेटी की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए दोनों शव कुएं में फेंक दिए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं से दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा। मृतका के पिता बृजमोहन यादव के बयान पर पति, ससुर, देवर सहित अन्य परिजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
इस दिल दहला देने वाली घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।















