मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बासुकीनाथ धाम में की पूजा, झारखंड में SIR की तैयारियों की समीक्षा

editor
3 Min Read

दुमका/रांची :भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय संथाल परगना दौरे पर झारखंड में हैं। सोमवार की सुबह उन्होंने सपरिवार दुमका स्थित प्रसिद्ध बासुकीनाथ धाम में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और बाबा से देश में सुख, समृद्धि और तरक्की की कामना की।

पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि बासुकीनाथ धाम में दर्शन कर उन्हें आत्मिक शांति मिली है। उल्लेखनीय है कि बासुकीनाथ धाम को फौजदारी बाबा के नाम से भी जाना जाता है और मान्यता है कि देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा के बाद बासुकीनाथ धाम में माथा टेकने से तीर्थ यात्रा पूर्ण मानी जाती है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मंदिर पहुंचने पर दुमका के निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अभिजीत सिन्हा, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। दुमका जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि उनके झारखंड दौरे के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत घर-घर सत्यापन, नए मतदाताओं को जोड़ने तथा मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया की स्थिति का जायजा लिया जाएगा।

बिहार के बाद अब झारखंड में भी SIR की शुरुआत होने जा रही है। पूजा के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त देवघर के तपोवन स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ बैठक की और बाद में प्रेस ब्रीफिंग भी की। उन्होंने कहा कि झारखंड में SIR को लेकर तैयारियां काफी अच्छी हैं, जिसे देखकर उन्हें खुशी हुई है।हालांकि उन्होंने अभी तारीखों का औपचारिक ऐलान नहीं किया, लेकिन संकेत दिया कि जल्द ही झारखंड में मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी अधिकारी मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रहे हैं और आने वाले समय में इसकी तिथि घोषित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने भरोसा जताया कि झारखंड में SIR की प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पूरी की जाएगी, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।

Leave a Comment