नगर निकाय चुनाव में देरी के विरोध में भाजपा का एकदिवसीय धरना, तिथि घोषणा और EVM से चुनाव की मांग

editor
3 Min Read

धनबाद | 06 जनवरी 2026-:राज्य सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव कराने में लगातार हो रही देरी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी धनबाद महानगर जिला की ओर से मंगलवार को धनबाद नगर निगम के मुख्य द्वार पर एकदिवसीय धरना आयोजित किया गया। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्रवण राय ने की। भाजपा ने चुनाव की तिथियों की अविलंब घोषणा, दलीय आधार पर चुनाव कराने तथा मतदान में ईवीएम के प्रयोग की मांग की।

धरना कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा, धनबाद के पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, झरिया विधायक रागिनी सिंह तथा बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।

धरना को संबोधित करते हुए विधायक राज सिन्हा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव नहीं होने से शहरी विकास पूरी तरह बाधित हो गया है और आम जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर चुनाव प्रक्रिया को टाल रही है, जो लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से श्वेत पत्र जारी कर यह बताने की मांग की कि चुनाव नहीं होने से कितने राजस्व की हानि और कितने विकास कार्य प्रभावित हुए हैं।

पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में देरी के कारण शहरी विकास ठप है और जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार चुनाव से डर रही है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है।

झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि चुने हुए मेयर, उपमेयर और वार्ड पार्षदों के अभाव में अफसरशाही हावी है, जिससे नाली, सड़क, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट और कचरा प्रबंधन जैसी सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में ईवीएम का प्रयोग पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए आवश्यक है।

भाजपा धनबाद महानगर जिला अध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि नगर निकाय चुनाव नहीं कराना संविधान और लोकतंत्र का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो भाजपा चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन करेगी।धरना कार्यक्रम का संचालन मानस प्रसून ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री धनेश्वर महतो ने किया। इस दौरान राज्यपाल के नाम नगर प्रशासक को मांग पत्र भी सौंपा गया।धरना में भाजपा के प्रदेश व जिला स्तर के कई नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment