धनबाद | 13 जनवरी 2026-:मकर संक्रांति के पावन अवसर पर नदी, तालाब एवं अन्य जलस्रोतों में स्नान की परंपरा को देखते हुए धनबाद पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचाव के लिए पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि जिले के संवेदनशील घाटों, तालाबों, नदियों एवं डैम क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मियों को लगातार निगरानी रखने, भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
धनबाद पुलिस ने लोगों से गहरे पानी में न जाने, नशे की हालत में स्नान न करने तथा बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की है। साथ ही, स्थानीय गोताखोरों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से बैरिकेड्स, चेतावनी संकेतों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की भी अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल-112 पर देने का आग्रह किया गया है।धनबाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि मकर संक्रांति पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिसमें नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।















