धनबाद–:पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल ने वर्ष 2025 में कर्मचारी कल्याण एवं प्रशासनिक दक्षता के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल के कार्मिक विभाग द्वारा मिशन मोड में कार्य करते हुए पूरे वर्ष के दौरान कुल 4480 रेल कर्मचारियों को पदोन्नति तथा 1022 कर्मचारियों को एमएसीपी (MACP) योजना के तहत वित्तीय उन्नयन का लाभ प्रदान किया गया।
कैलेंडर वर्ष 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 के बीच धनबाद मंडल में यह उपलब्धि हासिल की गई। चयन कैलेंडर का सख्ती से अनुपालन करते हुए लगभग सभी देय श्रेणियों में पदोन्नतियां सुनिश्चित की गईं। कुल मिलाकर 127 विभिन्न श्रेणियों में कर्मचारियों को प्रमोशन दिया गया।
इस उल्लेखनीय सफलता में दिसंबर 2025 का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी (पीसीपीओ), हाजीपुर एवं मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), धनबाद के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप केवल एक माह में 1401 कर्मचारियों को पदोन्नति तथा 522 कर्मचारियों को एमएसीपी का लाभ प्रदान किया गया।
कार्मिक विभाग की इस सफलता का आधार पारदर्शी एवं उत्तरदायी कार्यशैली, HRMS पोर्टल जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग, सेवा अभिलेखों एवं APARs के डिजिटलीकरण, तथा मामलों की अग्रिम तैयारी रही।
इस उपलब्धि पर प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी (पीसीपीओ), हाजीपुर एवं मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), धनबाद ने कार्मिक विभाग की पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पदोन्नति एवं परिवाद निस्तारण से जुड़े मामलों में तत्परता से किए गए कार्यों से कर्मचारियों का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में भी धनबाद मंडल का कार्मिक विभाग इसी समर्पण, ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कर्मचारियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करता रहेगा।















