धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत रामपुर पंचायत के खेशमी जोरिया स्थित श्मशान घाट पर अतिक्रमण का मामला अब तूल पकड़ता दिख रहा है। ग्रामीणों की लगातार मांग और महापंचायत के बाद प्रशासन ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पूर्वी टुंडी के रामपुर पंचायत स्थित खेशमी जोरिया श्मशान घाट पर अतिक्रमण को लेकर आज सैकड़ों ग्रामीणों ने विशाल महापंचायत का आयोजन किया। ग्रामीणों ने सार्वजनिक श्मशान घाट की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल एवं पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पंचायत के दौरान ग्रामीणों ने दस्तावेज और साक्ष्यों के साथ श्मशान घाट की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत प्रशासन के समक्ष रखी।ग्रामीणों की मांग पर त्वरित संज्ञान लेते हुए अंचल अधिकारी के निर्देश पर पूर्वी टुंडी थाना में कांड संख्या 6/26 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। प्राथमिकी में संबंधित भू-राजस्व एवं अतिक्रमण अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं।
अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने स्पष्ट कहा कि सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष और खुशी देखी जा रही है। रामपुर पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासनिक कदम का स्वागत करते हुए श्मशान घाट को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने की उम्मीद जताई है।
















