धनबाद में सामाजिक सरोकार की एक सराहनीय मिसाल देखने को मिली, जहां आशा किरण महिला समिति ने वृद्धजनों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भाव का परिचय दिया।
धनबाद के सबलपुर सहयोगी नगर स्थित लालमणि ओल्ड एज होम में गुरुवार को आशा किरण महिला समिति द्वारा सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति की अध्यक्ष एवं सीसीडब्लूओ की अध्यक्ष अंजुम नाज़, सदस्य लीना शर्मा, सुरुची, रीतु मिश्रा और डॉ. अनामिका ने आश्रम में रह रहे वृद्धजनों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।समिति की ओर से सभी वृद्धजनों को भेंट स्वरूप आवश्यक खाद्य सामग्री प्रदान की गई, जिससे उनके दैनिक जीवन में सहयोग मिल सके। सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ समय बिताया और उनसे संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया।
आश्रम में रह रहे सभी वृद्धजनों ने इस आत्मीय सहयोग के लिए आशा किरण महिला समिति को अपना आशीर्वाद दिया। वहीं ओल्ड एज होम के अध्यक्ष नौसाद गद्दी सहित आश्रम परिवार के सभी सदस्यों ने संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
आशा किरण महिला समिति का यह प्रयास न सिर्फ सेवा भावना को दर्शाता है, बल्कि समाज को बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार बनने का संदेश भी देता है।
















