धनबाद।जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एसएसपी श्री प्रभात कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी थाना प्रभारी, सर्किल इंस्पेक्टर समेत संबंधित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसएसपी ने जेल से हाल ही में रिहा हुए अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए, ताकि किसी भी संभावित आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।इसके साथ ही लंबे समय से फरार वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए एसएसपी ने स्पष्ट किया कि लंबित वारंट मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी प्रभात कुमार ने रात्रि गश्त को और अधिक सघन करने, संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और पेट्रोलिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता से ही आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा।
बैठक में अपराधियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए एसएसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करने और जनता से बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।पुलिस प्रशासन का साफ संदेश है—अपराध पर सख्ती, जनता की सुरक्षा सर्वोपरि।
















