रांची। आजसू पार्टी से युवाओं का जुड़ाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में रांची स्थित आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में गुरुवार को मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हजारीबाग लोकसभा एवं हजारीबाग सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अभिषेक कुमार तथा झारखंड जागो यात्रा के संयोजक मनमंत बैश ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो एवं महासचिव संजय मेहता ने नए सदस्यों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही।मीडिया को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि शिक्षित और जागरूक युवाओं का पार्टी से जुड़ना राज्य के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि आजसू नौजवानों की पार्टी है और युवा भावनाओं का सशक्त प्रतिनिधित्व करती है। राज्य में एक नई राजनीतिक चेतना के उदय की आवश्यकता है, जिसे आजसू पार्टी जनआंदोलन के माध्यम से आगे बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा कि राजनीति केवल चुनाव का पर्व नहीं, बल्कि जनमुद्दों पर सतत संघर्ष का माध्यम है। झारखंड में वैचारिक और राजनीतिक संघर्ष की आवश्यकता है और इसके लिए कार्यकर्ताओं को तैयार रहना होगा।सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। रोजगार, नियोजन, कानून-व्यवस्था और पलायन जैसे मुद्दों पर सरकार का खराब प्रदर्शन साफ दिखाई दे रहा है। लाखों रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती का कोई रोडमैप आज तक सामने नहीं आया है।
युवा उम्मीदों को पूर्ण करेगी आजसू : संजय मेहता
पार्टी महासचिव संजय मेहता ने कहा कि राज्य की बड़ी आबादी युवाओं की है और उनकी उम्मीदों को यदि कोई नेतृत्व दे सकता है तो वह आजसू पार्टी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में विजन और रोडमैप का अभाव है। भ्रष्टाचार चरम पर है और कोयला-बालू माफिया सरकारी संरक्षण में फल-फूल रहे हैं।उन्होंने भरोसा दिलाया कि आजसू पार्टी युवाओं को नेतृत्व क्षमता निखारने का पूरा अवसर देगी और विस्थापितों व पीड़ितों के साथ अंत तक खड़ी रहेगी।
आजसू के साथ संघर्ष का सफर आगे बढ़ाऊंगा : अभिषेक कुमार
सदस्यता ग्रहण करने के बाद अभिषेक कुमार ने कहा कि आजसू पार्टी में शामिल होना उनके राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ है। उन्होंने कहा कि हजारीबाग में चुनाव के दौरान उन्होंने खनन प्रभावित क्षेत्रों, किसानों की समस्याओं और युवाओं की बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाया था। अब आजसू के मंच से वे इन मुद्दों को राज्य स्तर पर मजबूती से उठाएंगे।
झारखंड का दर्द समझती है आजसू : मनमंत बैश
झारखंड जागो यात्रा के संयोजक मनमंत बैश ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना था। आजसू पार्टी में शामिल होकर उन्हें लगा कि अब यह संघर्ष एक बड़े मंच पर पहुंचेगा। उन्होंने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।इस अवसर पर कई युवा नेताओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ली, जिनमें अभिषेक गुप्ता, विकास रंजन, विशाल पवार, नीरज सिंह, संजय यादव, पिंटू रजक, शिवानंद कुमार, सुनील साहू, अमित साहू, विकास सिन्हा, राजकुमार सोनी, ऋषभ कुमार सहित अन्य शामिल हैं।कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य डॉ. रोहित महतो, रांची जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित साहू, रांची महानगर युवा आजसू अध्यक्ष अमित यादव, केंद्रीय सचिव हरीश सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















