धनबाद, 16 जनवरी 2026।धनबाद मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर लगाम कसने के लिए बड़े पैमाने पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को धनबाद रेलवे मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में धनबाद स्टेशन पर विशेष मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान चलाया गया।
यह अभियान दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक चला। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ सफर कर रहे कुल 134 यात्रियों को पकड़ा गया।
इस कार्रवाई के दौरान यात्रियों से 66,785 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। पकड़े गए यात्रियों को आगे से उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने की सख्त हिदायत दी गई।चेकिंग अभियान के दौरान स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। इसके साथ ही चेकिंग टीमों द्वारा स्टेशन परिसर के अलावा विभिन्न मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी टिकट जांच की गई।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धनबाद मंडल में टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान चलाए जाते रहेंगे।धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट के साथ ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें और जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें, ताकि असुविधा और जुर्माने से बचा जा सके।

















