धनबाद | 16 जनवरी 2026उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने आज जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि गणतंत्र दिवस से पूर्व सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई कर ध्वजारोहण एवं विद्युत सज्जा सुनिश्चित की जाए। मुख्य समारोह स्थल शहीद रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम में दर्शकों की सुविधा के लिए दो बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे।इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूली बच्चों की ड्रिल, परेड और झांकियों के साथ-साथ आर्म्स की प्रदर्शनी एवं राइफल क्लब का विशेष स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। समारोह से पूर्व संपूर्ण रूट लाइनिंग की जांच कर कमियों को दूर करने का निर्देश भी दिया गया।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्य समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी कर्मियों, पुलिस पदाधिकारियों, राजस्व कर्मियों, पंचायत सेवकों एवं जनसेवकों को सम्मानित किया जाएगा। सभी विभागों को निर्देश दिया गया कि वे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और सकारात्मक संदेशों को झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित करें।परेड का पूर्वाभ्यास 20 जनवरी से 24 जनवरी तक किया जाएगा। 24 जनवरी को सुबह 9:30 बजे उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण करेंगे।
बैठक में मुख्य समारोह स्थल की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, घेराबंदी, सुरक्षा व्यवस्था, माननीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य अतिथियों एवं मीडियाकर्मियों के बैठने की व्यवस्था सहित समाहरणालय परिसर, मिश्रित भवन और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर विद्युत सज्जा को लेकर अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
समीक्षा बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, नगर आयुक्त श्री आशीष गंगवार, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्रीमती हेमा प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी श्री कपिल चौधरी, सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, निदेशक डीआरडीबी श्री राजीव रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिवाकर सी द्विवेदी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
















