रांची | राजधानी रांची में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस अभियान में पुलिस ने 12 अपहृत बच्चों को सुरक्षित बरामद किया है, जबकि गिरोह के 13 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा करीब दो दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की पुष्टि रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने की है।
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए बच्चों को बोकारो, धनबाद, चाईबासा और रांची से चोरी किया गया था। सभी बच्चों को फिलहाल धुर्वा थाना लाया गया है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है। पुलिस बच्चों के परिजनों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है। एसएसपी ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर परिजनों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा।
एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि धुर्वा थाना क्षेत्र से अंश और अंशिका के लापता होने के बाद रांची पुलिस ने जिले के साथ-साथ अन्य जिलों और राज्यों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान इस बड़े बच्चा चोर गिरोह का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह “गुलगुलिया गैंग” के नाम से जाना जाता है और पिछले 10 वर्षों से बच्चा चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह अब तक कई बच्चों की खरीद-फरोख्त कर चुका है। इस नेटवर्क के तार बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से जुड़े पाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है। इस कार्रवाई को रांची पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक मजबूत संदेश गया है।
















