धनबाद | जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर लगाम कसने के उद्देश्य से रविवार शाम से देर रात तक एंटी क्राइम जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान धनबाद जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ पुलिस की सघन कार्रवाई देखने को मिली।
अभियान के तहत प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की तलाशी ली, कागजातों की जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए कई चालान काटे गए और आवश्यक कानूनी कदम उठाए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों में डर पैदा करना, असामाजिक तत्वों पर नकेल कसना और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा देना है। रात्रि गश्त को भी तेज किया गया ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
धनबाद पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे एंटी क्राइम अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे कानून का पालन करें, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाना को दें, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे।
















