रांची: रांची पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 61 दिनों से लापता 12 वर्षीय कन्हैया कुमार को कोडरमा से सकुशल बरामद कर लिया है। कन्हैया 22 नवंबर की शाम ओरमांझी थाना क्षेत्र से लापता हो गया था, जिसके बाद परिजनों में चिंता और इलाके में सनसनी फैल गई थी।
कन्हैया की तलाश को लेकर रांची पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था। एसआईटी लगातार विभिन्न सुरागों पर काम कर रही थी और बच्चे की सुरक्षित बरामदगी के लिए सात राज्यों में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था।
लगातार प्रयास और तकनीकी अनुसंधान के बाद पुलिस को सफलता मिली और कन्हैया को कोडरमा से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बच्चे के सकुशल मिलने की खबर से परिजनों ने राहत की सांस ली है।फिलहाल पुलिस कन्हैया से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह 61 दिनों तक कहां और किन परिस्थितियों में रहा। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।















