धनबाद:नगर निगम चुनाव को लेकर धनबाद में राजनीतिक सरगर्मी तेज होती जा रही है। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे विभिन्न राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने मेयर पद के लिए अपने पार्टी समर्थित उम्मीदवार की घोषणा कर दी है।
जेएलकेएम के केंद्रीय प्रवक्ता सुशील मंडल ने धनबाद परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मेयर पद के लिए पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता प्रकाश महतो के नाम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने नगर निगम चुनाव को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया है।
सुशील मंडल ने यह भी बताया कि जिन- जिन वार्डों में कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता की मांग होगी, वहां जेएलकेएम वार्ड पार्षद पद के लिए भी पार्टी समर्थित उम्मीदवार मैदान में उतारेगा। उन्होंने कहा कि जेएलकेएम का उद्देश्य नगर निगम में जनता की आवाज को मजबूती से उठाना और स्थानीय विकास को प्राथमिकता देना है।मेयर पद के लिए उम्मीदवार की घोषणा के साथ ही धनबाद नगर निगम चुनाव की राजनीतिक तस्वीर और स्पष्ट होती नजर आ रही है।















