धनबाद मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 667 यात्री पकड़े गए, 4.33 लाख रुपये जुर्माना वसूला

editor
2 Min Read

धनबाद, 20 जनवरी 2026:धनबाद मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान सुनियोजित कार्यक्रम के तहत दिन-रात लगातार संचालित किया गया।

अभियान के दौरान कुल 667 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए गए सामान के साथ सफर कर रहे यात्री शामिल थे। जांच के परिणामस्वरूप इन यात्रियों से कुल 4,33,730 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।टिकट चेकिंग टीमों द्वारा धनबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों के साथ-साथ मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सघन जांच की गई। पकड़े गए यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भारी भीड़ भी देखी गई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि बड़ी संख्या में यात्री नियमों का पालन करते हुए टिकट लेकर यात्रा कर रहे हैं।धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें और जिस श्रेणी का टिकट उनके पास हो, उसी श्रेणी में यात्रा करें। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Comment