कल रांची पहुंचेंगे नौसेना प्रमुख, युवाओं से करेंगे ‘विकसित भारत 2047’ पर संवाद

editor
2 Min Read

रांची:भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी दो दिवसीय दौरे पर कल रांची पहुंचेंगे। यह पहला अवसर होगा जब नौसेना प्रमुख झारखंड की राजधानी रांची का दौरा करेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और रक्षा से जुड़े विभागों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी कल शाम 4:30 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां झारखंड की सांस्कृतिक कलाकारों द्वारा पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद वे लोक भवन में रात्रि विश्राम करेंगे।

दौरे के दूसरे दिन, 23 जनवरी को सुबह 10:00 बजे सीसीएल सभागार में रांची शहरी क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों और विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ के साथ मिलकर “विकसित भारत 2047” विषय पर संवाद करेंगे।

इसके बाद दोपहर 12:00 बजे टेंडर हार्ट स्कूल, तुपुदाना में रांची ग्रामीण क्षेत्र के दर्जनों विद्यालयों के विद्यार्थियों से भी रक्षा राज्य मंत्री के साथ विकसित भारत 2047 को लेकर संवाद करेंगे।दोपहर 1:00 बजे रांची क्लब में सांसद कला महोत्सव के अंतर्गत आयोजित पेंटिंग एवं चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन भी नौसेना प्रमुख द्वारा किया जाएगा।

नौसेना प्रमुख का यह दौरा युवाओं में राष्ट्र निर्माण, रक्षा सेवाओं के प्रति जागरूकता और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Comment