करनाल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का स्वागत करते भाजपा नेता।
करनाल जिले में केंद्रीय मंत्री एवं लोकसभा सांसद मनोहर लाल खट्टर ने फूलों की होली खेली। इस दौरान उन्होंने तीसरी बार मेयर बनी रेणुबाला गुप्ता और नव निर्वाचित 15 पार्षदों को बधाई दी। करनाल विधायक जगमोहन आनंद ने भी नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ होली खेली।
.
मनोहर बोले-कांग्रेस का पूरी तरह सफाया
मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो चुका है, और यह वह नहीं, बल्कि आंकड़े कह रहे हैं। प्रदेश में चेयरमैन, नगर परिषद, नगरपालिका और पार्षदों के कुल 368 जगह चुनाव हुए, जिनमें भाजपा ने 261 जगह पर जीत दर्ज की। 23 नगरपालिका चुनावों में भाजपा ने 15 उम्मीदवार उतारे, जबकि 8 निर्दलीय थे। 202 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, वहीं कांग्रेस को सिर्फ 5 सीटें मिलीं, वो भी केवल पार्षद पद पर।
करनाल में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर।
बिना खर्ची, बिना पर्ची का फॉर्मूला कारगर
मनोहर लाल ने कहा कि 2014 से भाजपा फ्रंट पर है और लगातार चुनावों में जीत रही है। उन्होंने कांग्रेस की हार का कारण उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं को बताया, जो केवल अपने परिवार का भला सोचते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सभी की चिंता की है, यहां तक कि कांग्रेस के लोग भी अब भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में ‘बिना खर्ची, बिना पर्ची’ का जो फॉर्मूला अपनाया गया था, वह हकीकत भी साबित हुआ।
कांग्रेस अपने विधायक दल का नेता तक नहीं चुन पा रही
मनोहर लाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी इतनी कमजोर हो गई है कि वह अपने 35 विधायकों में से एक नेता तक नहीं चुन पा रही। उन्होंने कहा कि कभी देश की सबसे बड़ी पार्टी रही कांग्रेस आज केवल दो राज्यों में सिमट गई है। उन्होंने कहा कि 99 सीटें जीतकर कांग्रेस यह सोचती रही कि वह सत्ता में आ जाएगी, लेकिन खुद को ही भ्रम में रखे रही।
10 में से 9 नगर निगम पर भाजपा का कब्जा
मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा के 10 नगर निगमों में से 9 में भाजपा के मेयर चुने गए हैं। इसके अलावा, प्रदेश की 5 नगर परिषदों में भी भाजपा के चेयरमैन बने हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता का समर्थन मिल रहा है और पार्टी लगातार मजबूती से आगे बढ़ रही है।
सीएम सैनी प्रदेश के विकास को दे रहे रफ्तार
कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के विकास के लिए जो नीतियां बनाई थीं, उन पर मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तेजी से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा इसी तरह आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि विधानसभा में सीएम नायब सिंह सैनी 2 घंटे 52 मिनट तक बोले, लेकिन कांग्रेस के नेता 5 मिनट से ज्यादा नहीं बोल पाए।