गिरिडीह में होली पर आपस में भिड़े लोग
झारखंड के गिरिडीह जिले के घोड़थम्भा में बीती रात दो पक्ष आपस में भिड़ गए। होली के मौके पर हुए इस टकराव के दौरान दो पक्षों के बीच जम कर पत्थरबाजी हुई। इस दौरान न केवल पथराव हुए बल्कि कई दुकानों में आग भी लगा दी गई।
.
दुकानों में आग लगाने के साथ-साथ एक बाइक को भी आग के हवाले कर दिया गया है। दो पक्ष के लोग आप में क्यों भिड़े, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हालांकि अभी स्थिति नियंत्रित है।
SDPO के समझाने पर भी नहीं माने लोग
लोगों के आपस में उलझने की जानकारी मिलते ही सबसे पहले एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद पुलिस बजलों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन स्थिति नियंत्रण में नहीं आई। इसके बाद एसपी डॉ विमल कुमार को सूचना दी गई। जिला मुख्यालय से पुलिस बल के साथ एसपी भी मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद भी दोनों पक्ष आपस में भिड़ते रहे।
लोगों को पुलिस के जवानों ने खदेड़ा
जब एसपी विमल कुमार के सामने लोग आपस में उलझते रहे तब स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ना शुरू किया। दुकानों और वाहनों में लगी आग को बुझाने के लिए दमकल की टीम को बुलाया गया। देर रात स्थिति सामान्य हो सकी। इसके बाद पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जिले के अन्य थानों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।

लोगों को किया जा रहा चिह्नित
गिरिडीह एसपी डॉ विमल कुमार ने कहा कि घोरथंबा ओपी क्षेत्र में दो पक्षों का विवाद सामने आया है। हम चिह्नित कर रहे हैं कि इसमें कौन-कौन पक्ष शामिल थे। चिह्नित करने के बाद ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभी स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।
वहीं डीडीसी स्मिता कुमारी ने कहा कि होली समारोह के दौरान यहां कुछ अज्ञात लोगों के द्वारा कानून-व्यवस्था को खराब करने की कोशिश की गई थी लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है। हमें मिली जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात लोगों के द्वारा यहां वाहनों को जलाया गया है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।