धनबाद, 2 मई 2025:देश की प्रतिष्ठित खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 का आयोजन 4 से 15 मई तक बिहार के पटना, राजगीर, गया, भागलपुर और बेगूसराय में किया जाएगा। इस भव्य आयोजन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 मई को करेंगे।
झारखंड से स्वदेशी सिख मार्शल आर्ट ‘गतका’ खेल में 10 खिलाड़ी, 2 कोच और 1 मैनेजर राज्य की ओर से भाग लेंगे। धनबाद के राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर के तीन छात्र पलक परमा, रणवीर ठाकुर और मिनमय दास का चयन इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इनकी कोचिंग पप्पू कुमार द्वारा की जा रही है।उल्लेखनीय है कि इन खिलाड़ियों ने पिछले वर्ष संगरूर (पंजाब) में आयोजित राष्ट्रीय गतका चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन कर यह स्थान अर्जित किया है।
तीनों खिलाड़ियों के चयन पर विद्यालय समिति, प्राचार्य सुमंत कुमार मिश्रा, उप प्राचार्य मनोज कुमार तथा उप प्राचार्या लीला सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी है।गतका एसोसिएशन ऑफ झारखंड की टीम पप्पू कुमार, राजीव कुमार सिंह और विद्या के नेतृत्व में 3 मई को धनबाद-सासाराम इंटरसिटी ट्रेन से बोधगया के लिए रवाना होगी, जहां 3 से 8 मई तक गतका प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
राज्य और जिले को गौरवान्वित करने वाले इन खिलाड़ियों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

