बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों ने आज दिनदहाड़े खेत से घर लौट रहे एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सांख गांव की है
.
घायल युवक की पहचान सांख निवासी उचित यादव के बेटे राजेश यादव (30) के रूप में की गई है। घायल युवक के परिजनों का आरोप है राजेश यादव ने अपनी पत्नी की मौत के बाद करीब 2 साल पहले एक शादीशुदा महिला रूबी देवी से शादी की थी। उस समय रूबी देवी का पति अमरजीत यादव जेल में था।
कुछ महीने पहले अमरजीत यादव जेल से बाहर निकल गया। इसके बाद एक माह पहले रूबी देवी घर से पैसा जेवरात लेकर भाग गई और अपने पहले पति अमरजीत यादव के पास चली गई। परिजनों का आरोप है कि उसी ने अपने पहले पति से मिलकर साजिश के तहत राजेश यादव को गोली मरवाई है।
बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे थे
आज राजेश अपने खेत गया था, इस दौरान मास्क लगाए बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे और राजेश को गोली मार कर फरार हो गए। गोली राजेश के बांह में लगी है। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन पहुंचे। इलाज के लिए जिला मुख्यालय के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस घायल का बयान लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर-वन डीएसपी सुबोध कुमार के नेतृत्व पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। डीएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि राजेश यादव को गोली मार कर घायल किया गया है। इसने अपनी पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी, शादीशुदा महिला से की थी। उसका पहला पति जेल से बाहर निकाला है, उसी पर आरोप लगाया जा रहा है, जांच चल रही है।