बालाघाट जिले की मॉयल नगरी भरवेली में एक 32 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। सुधीर शेंद्रे का शव उसके कमरे में फांसी पर लटका मिला।
.
घटना रविवार को हुई। भरवेली पुलिस ने शव को बरामद कर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सुधीर मजदूरी का काम करता था। माता-पिता की मृत्यु के बाद वह अकेला रहता था। उसका बड़ा भाई नरेश अपनी पत्नी के साथ पास के घर में रहता है। नरेश के अनुसार सुधीर शराब का आदी था। घटना से एक दिन पहले भी वह शराब पीकर घर आया था।
अगले दिन जब सुधीर को आवाज दी गई और कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा। उन्होंने सुधीर को फांसी के फंदे पर लटका पाया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
भरवेली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।