आप प्रत्याशी के लिए प्रचार करते अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान। भाजपा प्रत्याशी के साथ रवनीत बिट्टू।
पंजाब की लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। इस सीट पर 1,75,469 मतदाता वोट डालेंगे, जिनके लिए 194 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
.
यह उपचुनाव चार प्रमुख दलों के बीच सीधा मुकाबला बना हुआ है, जिनमें कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल शामिल है। नतीजे 23 जून को घोषित किए जाएंगे।
यह सीट आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी की गोली लगने से हुई मौत के बाद खाली हुई थी। दिलचस्प बात यह है कि AAP ने इस सीट पर अपने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा है।
सुरक्षा पुख्ता, कंट्रोल रूम से निगरानी
मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। जिला प्रशासन ने मोबाइल जमा करने और मतदान केंद्रों की सीसीटीवी निगरानी का इंतजाम किया है। कुल 235 कैमरे लगाए गए हैं। एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर से पूरे चुनाव की लाइव निगरानी होगी।
776 सरकारी कर्मचारी, जिनमें केंद्र और राज्य कर्मी, बैंक और PSU अधिकारी शामिल हैं, को ड्यूटी पर लगाया गया है। कुल 194 मतदान दल बनाए गए हैं जिनमें 194 पीठासीन अधिकारी, 194 सहायक पीठासीन अधिकारी और 388 मतदान अधिकारी शामिल हैं।
कांग्रेस ने आशु, AAP ने संजीव अरोड़ा पर खेला दाव इस सीट से AAP ने राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा पर दांव खेला है। नाम की घोषणा के साथ ही अरोड़ा विकास कार्यों को लेकर लोगों के बीच जाने लगे। कारोबारी होने के कारण वह उद्योगपतियों को रिझाते हुए भी नजर आए।
वहीं, कांग्रेस ने पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु को चुनावी मैदान में उतारा है। इस सीट से आशु 2 बार विधायक रह चुके हैं। उनका इस हलके में काफी अच्छा प्रभाव था, लेकिन 2022 में AAP की लहर के आगे वह टिक नहीं पाए थे।
SAD ने एडवोकेट घुम्मन को दिया टिकट शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने यहां से अपनी साख बचाने के लिए एडवोकेट परउपकार सिंह घुम्मन को उम्मीदवार बनाया है। घुम्मन पेशे से वकील हैं। उन्होंने बच्ची दिलरोज का चर्चित केस लड़ा था और दिलरोज को जिंदा रेत में दफन करने वाली महिला को अदालत में फांसी की सजा दिलवाई थी। यह केस अब हाईकोर्ट में पहुंच चुका है।
भाजपा ने जीवन गुप्ता को बनाया है उम्मीदवार उधर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में जीवन गुप्ता को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उनके नाम पर मुहर लगाई है। जीवन गुप्ता दो बार प्रदेश भाजपा के महा सचिव रह चुके हैं। वह कार एसेसरीज और कार कारोबार के डीलर हैं। गुप्ता की बैकग्राउंड आरएसएस से है। उन्हें राजनीतिक में करीब 35 वर्ष हो चुके है।
क्यों हो रहा विधानसभा उप-चुनाव… लुधियाना वेस्ट के आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी (57) की मौत के बाद से यह सीट खाली है। बस्सी की करीब 4 महीने पहले गोली लगने से मौत हो गई थी। जिस समय गोली चली, उस समय वह खाना खा रहे थे। कमरे से गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी सुखचैन कौर और बेटा विश्वास मौके पर पहुंचे तो गोगी खून से लथपथ कमरे में गिरे हुए थे।
DMC अस्पताल में उनका पोस्टमॉर्टम कराया गया। उसमें पता चला कि गोली उनके सिर के दाईं तरफ से लगी और बाईं तरफ से बाहर निकलकर आर-पार हो गई। इसके बाद लुधियाना के KVM स्कूल के पास श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

आप के लिए ये सीट क्यों जरूरी चर्चाएं हैं कि AAP इस उपचुनाव को जीतती है तो पंजाब के कोटे से पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेज सकती है, लेकिन अगर आप को ऐसा करना है तो संजीव अरोड़ा को ये चुनाव जीतना होगा। यही कारण भी है कि चुनाव प्रचार के दौरान खुद अरविंद केजरीवाल सीएम भगवंत मान के साथ यहां रोड शो करने पहुंचे थे।