हरियाणा में रोहतक जिले की महम विधानसभा सीट हॉट बनी हुई है, क्योंकि यहां से भाजपा के टिकट पर भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक निवास हुड्डा चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने यहां पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी के बेटे बलराम दांगी को उम्मीदवार बनाया ह
.
इसके अलावा, हरियाणा जनसेवक पार्टी (HJP) से बलराज कुंडू, आम आदमी पार्टी (AAP) ने विकास नेहरा, इनेलो-बसपा ने हवा सिंह, भाजपा से बागी राधा अहलावत निर्दलीय और पूर्व विधायक बलबीर सिंह उर्फ बाली पहलवान निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।
महम विधानसभा में करीब 1.98 लाख वोटर हैं। यहां जाट वोटर सबसे ज्यादा हैं। प्रमुख पार्टियों के उम्मीदवार भी जाट समाज से ही हैं। राज्य में 5 अक्टूबर को वोटिंग से पहले दैनिक भास्कर महम का चुनावी माहौल जानने के लिए फील्ड में पहुंचा।
यहां लोगों का कहना है कि मुख्य मुकाबला कांग्रेस के बलराम दांगी और हजपा के बलराज कुंडू के बीच है। बलराज कुंडू को अपनी समाजसेवी वाली छवि का फायदा मिलेगा। बलराम दांगी को कांग्रेस की लहर और पिता के विधायक रहते कराए गए कामों का फायदा मिल सकता है।
इसके अलावा, भाजपा उम्मीदवार दीपक हुड्डा पर बाहरी उम्मीदवार का टैग लगा है। उन्हें सीट पर भाजपा के कोर वोटर के अलावा खिलाड़ियों का साथ मिल सकता है।
4 पॉइंट्स में समझें महम विधानसभा सीट के समीकरण
- महम में सबसे ज्यादा करीब एक लाख जाट वोटर हैं। इसके अलावा, अनुसूचित जाति के 40 हजार, ओबीसी 20 हजार, ब्राह्मण 15 हजार, पंजाबी समाज के करीब 6 हजार वोट हैं। इस सीट पर जाट समाज से आने वाले उम्मीदवार ही विधायक बनते आए हैं। जाट समाज यहां निर्णायक भूमिका में रहता है।
- जाट समाज के अधिकतर वोट बलराज कुंडू और बलाराम दांगी की तरफ जा सकते हैं। इसके अलावा बलराज कुंडू को बाकी समाज से भी अच्छे वोट मिलने की उम्मीद है। अनुसूचित जाति के अधिकतर वोट बलराम दांगी और बलराज कुंडू में बंट सकते हैं। अगर दांगी को अनुसूचित जाति के वोट कुंडू से ज्यादा मिलते हैं तो कुंडू पिछड़ सकते हैं।
- भाजपा को यहां ब्राह्मण, पंजाबी, वैश्य और ओबीसी समाज से उम्मीद है। हालांकि भाजपा की बागी निर्दलीय राधा अहलावत दीपक हुड्डा को सीधे तौर पर नुकसान पहुंचाएंगी। जजपा ने इस सीट पर कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। जजपा ने राधा अहलावत को समर्थन दे रखा है।
- किसानों की भाजपा से नाराजगी का कांग्रेस को फायदा मिल सकता है। हालांकि बलराज कुंडू भी किसान आंदोलन की वजह से लगातार भाजपा को घेरते रहे हैं।

लाइब्रेरी निर्माण और आरओ प्लांट का वादा कर रहे बलराज कुंडू
बलराज कुंडू 2019 में महम विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़कर विधायक बने थे। तब उन्होंने भाजपा सरकार को समर्थन दिया था। हालांकि साल 2021 में उन्होंने भाजपा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए भाजपा से समर्थन वापस ले लिया। साल 2023 में उन्होंने खुद की हरियाणा जनसेवक पार्टी का गठन किया। इस चुनाव में वह अपनी पार्टी से ही चुनाव लड़ रहे हैं।
वह इस चुनाव में जनता के बीच जाकर फ्री एंबुलेंस और स्वास्थ्य सेवा, सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए गांव में लाइब्रेरी का निर्माण, कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) का सिस्टम बंद करने और सरकार में भागीदारी होने पर सभी परिवार को एक किलोवॉट की सोलर प्लेट मुफ्त देने और गांव में आरओ प्लांट लगाने का वादा कर रहे हैं।

महम में विकास के नाम पर वोट मांग रहे दीपक हुड्डा
भाजपा उम्मीदवार दीपक हुड्डा करीब 6 महीने पहले अपनी पत्नी बॉक्सर स्वीटी बूरा के साथ भाजपा में शामिल हुए थे। दीपक हुड्डा अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। महम सीट पर भाजपा आज तक कोई चुनाव नहीं जीती है। उनके सामने इस चुनाव में महम में कमल खिलाने की चुनौती है।
वह जनता के बीच जाकर भाजपा के 10 साल के कार्यकाल के नाम पर वोट मांग रहे हैं। वह कह रहे हैं कि दूसरे विधायकों ने महम में बिल्कुल भी विकास कार्य नहीं कराए। उन्हें एक मौका मिलना चाहिए। अगर यहां भाजपा ने विकास नहीं कराया तो उन्हें भी बदल देना।

बदलाव के नाम पर वोट मांग रहे बलराम दांगी
कांग्रेस उम्मीदवार बलराम दांगी के पिता आनंद सिंह डांगी इस सीट से 7 बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं, जिसमें उन्होंने 4 बार जीत दर्ज की है। बलराम दांगी अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उनके प्रचार के लिए रोहतक से लोकसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा आ चुके हैं। दांगी इस चुनाव में महम में विकास के नाम पर वोट मांग रहे हैं।
बलराम दांगी जनता से कह रहे हैं कि हरियाणा में इस बार बदलाव होने जा रहा है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। कांग्रेस का माहौल देखकर दूसरी पार्टियां घबरा गई हैं।

पिछले विधायकों को घेर रहीं राधा अहलावत
निर्दलीय उम्मीदवार राधा अहलावत के पति शमशेर सिंह खरकड़ा भाजपा के सीनियर लीडर रहे हैं। 2014 में उन्होंने भाजपा जॉइन की थी। इसके बाद वह 2 बार विधानसभा चुनाव लड़े, लेकिन जीत नहीं पाए। इस चुनाव में वह अपनी पत्नी राधा अहलावत के लिए भाजपा से टिकट मांग रहे थे, लेकिन भाजपा ने दीपक हुड्डा को उम्मीदवार बना दिया।
इसके बाद शमशेर सिंह बागी हो गए और पंचायत कर पत्नी को निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया। राधा अहलावत ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन, जर्मनी से एडवांस डिप्लोमा किया हुआ है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर हैंडबॉल और बास्केटबॉल के कई मैच खेले हैं। वह राज्य की पहली महिला हैंडबॉल कोच रही हैं। उन्हें 2 बार भीम अवॉर्ड मिल चुका है।
इस चुनाव में वह जनता के बीच जाकर कह रही हैं कि पिछले 10 साल में महम में कुछ काम नहीं हुए। सरकार किसी पार्टी की बनती है तो विधायक किसी पार्टी का होता है। इन्हीं कारणों से महम हलका पिछड़ चुका है। जनता ने मौका दिया तो वह महम हलके में विकास कराएंगी।

क्या कहते हैं महम के वोटर….
अरविंद कुमार बोले- बलराम दांगी का माहौल
खेड़ी महम गांव के रहने वाले अरविंद कुमार का कहना है कि मेरे गांव में 2400 के करीब वोट हैं। यहां बलराम दांगी का माहौल है। उन्होंने महम में अच्छे काम किए हैं। कॉलेज, आईटीआई, साइंस सेंटर, पार्क समेत जितने भी काम हैं, सब उनके किए हुए हैं। बाकी कैंडिडेट लगे हुए हैं, लेकिन दांगी पहले नंबर पर रहेंगे। दांगी के पिता ने यहां विधायक रहते हुए लोगों को रोजगार दिए और सड़कें बनवाई हैं।
अमन ने कहा- बलराज कुंडू अच्छा काम कर रहे
भैणी महाराजपुर गांव के रहने वाले अमन कुमार ने कहा कि मेरे गांव में 2200 के करीब वोट हैं। यहां बलराज कुंडू का माहौल है। वह गरीबों और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे मिलते हैं। वह सामाजिक कार्यकर्ता हैं। यहां किसी दूसरे उम्मीदवार का कोई माहौल नहीं है। उन्होंने लड़कियों के लिए फ्री बसें चलाई हुई हैं। मतलब, वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।

राजकुमार बाले- बलराज लड़कियों के लिए बस चला रहे
तालु गांव के रहने वाले राजकुमार ने बताया कि मैं बचपन ने महम में रह रहा हूं। वोट भी मेरी यहां बनी हुई हैं। मेरे घर में 15 वोट हैं, सभी बलराज कुंडू को जाएंगी। उनके अंदर गुण हैं। वह इतना अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने 25 बसें चला रखी हैं। हार जीत चाहे किसी की भी हो, हम बलराज कुंडू के साथ हैं।

श्रीकृष्ण ने कहा- भाजपा का राज सबसे अच्छा
खरकड़ा गांव के रहने वाले श्रीकृष्ण का कहना है कि भाजपा का राज सबसे अच्छा है। इससे अच्छी किसी की सरकार नहीं है। राधा अहलावत गांव की ही कैंडिडेट हैं, इसलिए उन्हें वोट देना मजबूरी है। यहां 70 प्रतिशत जाट समाज के वोट हैं। अगर वह भाजपा के साथ होती तो और मजबूत होतीं।

नरेंद्र बोले- बलराम बढ़िया उम्मीदवार
मदीना गांव के रहने वाले नरेंद्र ने कहा कि हमारे गांव में 14 हजार वोट हैं। यहां जाट ज्यादा हैं। बलराम चुनाव जीत रहे हैं। बढ़िया उम्मीदवार है और नया चेहरा है। दूसरे उम्मीदवारों का कोई रूझान नहीं है। कांग्रेस की लहर का भी उन्हें फायदा मिलेगा। कांग्रेस सरकार होते हुए नहर से अच्छा पानी मिला है। भाजपा की सरकार बनने के बाद पानी ठीक से नहीं आया। हुड्डा सरकार में नौकरियां भी बहुत लगी थीं। बस इतना ही कहना चाहता हूं कि बलराम शरीफ आदमी है। उनकी टक्कर राधा अहलावत और बलराज कुंडू से हो सकती है।

सुरेश ने कहा- भाजपा ने सड़कों की रिपेयरिंग भी नहीं कराई
गिरावड़ गांव के रहने वाले सुरेश कुमार का कहना है कि चुनाव का अभी कुछ पता नहीं है। हमारे गांव में आनंद दांगी जीतता आया है। महम में भी कांग्रेस का माहौल है। किसान आंदोलन, फैमिली आईडी के कारण लोग भाजपा से परेशान है। भाजपा ने यहां काम भी नहीं कराए। इन्होंने सड़कों की रिपेयरिंग तक का काम नहीं किया।
हरियाणा चुनाव से जुड़ी ये ग्राउंड रिपोर्ट्स भी पढ़ें…
अभय चौटाला मजबूत, लेकिन माहौल एकतरफा नहीं:इनेलो शहर तो कांग्रेस ग्रामीण बेल्ट में असरदार; लोग बोले- यहां भाजपा कैंडिडेट डमी
BJP उम्मीदवार को बागी ने संकट में डाला:वोट बंटे तो होगा नुकसान, कांग्रेस को इसी से फायदा, सीट पर तिकोना मुकाबला
गोपाल कांडा-गोकुल सेतिया में कांटे की टक्कर:कांग्रेस को पंजाबी-जाट वोटरों से आस; कांडा भाजपा से नाराज किसानों को इनेलो के जरिए साध रहे
दुष्यंत चौटाला के सामने सीट बचाने की चुनौती:उचाना में किसानों की नाराजगी भारी; कांग्रेस-भाजपा-निर्दलीय में टक्कर; जाट बंटे तो BJP को फायदा
देश की सबसे अमीर महिला ने BJP को फंसाया:पूर्व भाजपा मंत्री को दोहरी बगावत से नुकसान, तिकोने मुकाबले में कांग्रेस भी फायदे में नहीं
हुड्डा के गढ़ में कांग्रेस-भाजपा में कांटे की टक्कर:पंवार को जेल से बाहर आने से मिली मजबूती; कविता की नाराजगी से भाजपा को नुकसान
नूंह सीट पर हिंसा की दहशत,लोग बात तक नहीं करते:मुस्लिम सीट पर BJP को पोलराइजेशन के दांव से खास फायदा नहीं; कांग्रेस-इनेलो में टक्कर
हरियाणा में कांग्रेस 40, BJP 18 सीटों पर आगे:23 सीटों पर कड़ी टक्कर, इनेलो-निर्दलीय 4 पर आगे; जाट-दलित बंटे तो BJP को फायदा
पूर्व BJP मंत्री हैट्रिक चांस में कड़े मुकाबले में फंसे:AAP की गुर्जर वोट बैंक में सेंध; कांग्रेस वेव से अकरम को फायदा
अनिल विज कड़े मुकाबले में फंसे:खुद को CM चेहरा बता फायदा लेने की कोशिश; कांग्रेस पर गुटबाजी भारी, वोट शिफ्ट हुए तो चित्रा भारी पड़ेंगी
राव इंद्रजीत की बेटी आरती तिकोने मुकाबले में फंसी:कांग्रेस बांटेगी अहीर वोटर; राजपूत-दलित वोटर्स एकतरफा तो ठाकुर बिगाड़ेंगे सियासी गणित
नायब सैनी को CM चेहरे का फायदा:BJP के बागी गर्ग वोटकटवा; बड़शामी ने जाट न बांटे तो कांग्रेस के मेवा से कड़ी टक्कर