पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर में उतारा गया राज्यपाल का हेलिकॉप्टर।
उत्तराखंड के राज्यपाल रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह के हेलिकॉप्टर में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। राज्यपाल गैरसैंण जा रहे थे, जहां सोमवार से विधानसभा का सत्र शुरू होना है और पहले दिन बजट पेश किया जाना है।
.
तकनीकी खराबी का अलर्ट मिलते ही पायलट ने तुरंत एहतियात के तौर पर यूरोकॉप्टर हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला लिया। इसके बाद चॉपर को श्रीनगर स्थित जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित उतार लिया गया।
पायलट की सूझबूझ और तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद राज्यपाल को सुरक्षा के बीच श्रीनगर स्थित पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। राज्यपाल टिहरी से गैरसैंण जा रहे थे।

गैरसैंण में विधानसभा सत्र के लिए जा रहे थे
राज्यपाल गुरमीत सिंह चमोली जिले के गैरसैंण जा रहे थे। सोमवार से वहां उत्तराखंड विधानसभा का सत्र शुरू होना है और पहले दिन बजट पेश किया जाना है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वे हेलिकॉप्टर से चमोली के गैरसैंण के लिए रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद श्रीनगर में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
उड़ान के दौरान मिला तकनीकी खराबी का अलर्ट
जानकारी के अनुसार हेलिकॉप्टर जब उड़ान में था, तभी करीब डेढ़ बजे पायलट को तकनीकी खराबी का संकेत मिला। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत एहतियाती कदम उठाया और किसी तरह का जोखिम नहीं लिया।
इसके बाद हेलिकॉप्टर को नजदीकी सुरक्षित स्थान की ओर मोड़ते हुए श्रीनगर के जीवीके हेलीपैड पर सफलतापूर्वक उतार लिया गया। पायलट की सूझबूझ से संभावित हादसा टल गया।
श्रीनगर गेस्ट हाउस भेजे गए, जांच शुरू
हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल को हेलीपैड से सुरक्षित निकालकर श्रीनगर स्थित पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया।
इधर, तकनीकी टीम हेलिकॉप्टर में आई खराबी की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही राज्यपाल के आगे के कार्यक्रम और अगली उड़ान को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

राज्यपाल गुरमीत सिंह सुरक्षित हैं और उन्हें श्रीनगर के ही एक सरकारी गेस्ट हाउस में भेज दिया गया है।
टिहरी झील महोत्सव में शामिल हुए, फिर गैरसैंण के लिए रवाना हुए
चार दिवसीय हिमालयन (O2) टिहरी झील महोत्सव के तीसरे दिन आज सुबह पहले राज्यपाल टिहरी के कोटी कॉलोनी पहुंचे थे। यहां उन्होंने महोत्सव में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया।
इस दौरान टिहरी झील में एयर शो का आयोजन किया गया, जिसे राज्यपाल ने देखा। उन्होंने महोत्सव में लगे स्टालों का निरीक्षण किया और अमर शहीद श्रीदेव सुमन की बेड़ियों के भी दर्शन किए।
कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राज्यपाल हेलिकॉप्टर से चमोली जिले के गैरसैंण के लिए रवाना हो गए, जहां विधानसभा सत्र में शामिल होने का कार्यक्रम है।
———— ये खबर भी पढ़ें…
चारधाम यात्रा में हवाई सफर होगा पहले से ज्यादा सेफ:तय रूटों पर चलेंगे हेलिकॉप्टर, हर दस सेकेंड में ट्रैकिंग, 30% तक कम होंगे टिकट

देवभूमि उत्तराखंड में इस साल चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ और बद्रीनाथ की उड़ान भरने वाले तीर्थयात्रियों के लिए हेलिकॉप्टर का सफर पहले से ज्यादा सेफ रहने वाला है। 2025 की यात्रा में 5 हेलिकॉप्टर हादसों में 13 लोगों की हुई मौत के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) और नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने सुरक्षा का एक नया ‘ब्लूप्रिंट’ तैयार किया है। (पढ़ें पूरी खबर)















