धनबाद पुलिस ने छठ महापर्व को लेकर सुरक्षा तैयारियों का किया व्यापक निरीक्षण

editor
2 Min Read

धनबाद, 25 अक्टूबर 2025: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से मनाने के लिए धनबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारियों ने प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा की गई। खतरनाक घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर, और चेतावनी संकेत बोर्ड लगाए जा रहे हैं। गहरे पानी वाले हिस्सों की घेराबंदी कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

छठ पूजा के दौरान घाटों के आसपास वाहन प्रतिबंध रहेगा और ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। पुलिस ने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया कि लाउडस्पीकर पर केवल पारंपरिक छठ गीत बजाएँ और पटाखों का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।साथ ही सभी घाटों पर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन निगरानी के माध्यम से सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। पुलिस बल की तैनाती सादे लिबास में भी की गई है ताकि किसी आकस्मिक स्थिति का तुरंत सामना किया जा सके।

एसएसपी प्रभात कुमार ने जिलेवासियों से अपील की कि वे छठ पर्व के दौरान सहयोग और अनुशासन बनाए रखें, बुजुर्गों और असहायों को प्राथमिकता दें और बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

Leave a Comment