धनबाद | 4 नवंबर 2025धनबाद जिले के बलियापुर प्रखंड अंतर्गत आमटाल नील कोठी निवासी धीरेन्द्र ठाकुर की 16 वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी सोमवार सुबह से लापता है। रोज की तरह वह सुबह करीब 9 बजे उत्क्रमित प्लस-2 उच्च विद्यालय बलियापुर गई थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। देर रात तक परिजनों ने खोजबीन की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर परिवार ने बलियापुर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सुहानी स्कूल पहुंची थी, उसने झाड़ू लगाई और क्लास में भी बैठी थी, बावजूद इसके स्कूल के रजिस्टर में उसे अनुपस्थित (Absent) दर्ज किया गया। परिजनों का आरोप है कि यदि स्कूल प्रशासन समय पर सक्रियता दिखाता, तो बेटी को जल्द ढूंढा जा सकता था।
इस बीच, स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज में सुहानी के स्कूल में प्रवेश की पुष्टि हुई है। हालांकि, वह कब और कैसे स्कूल से बाहर गई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।प्रधानाचार्य राजू राम ने कहा कि छात्रा सुबह स्कूल आई थी। उसने अपनी बहन को क्लास में छोड़ा और खुद भी क्लास में गई थी, लेकिन बाद में कब निकली, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। उन्होंने कहा कि हाजिरी रजिस्टर में उसका नाम दर्ज नहीं था। प्रधानाचार्य ने यह भी दावा किया कि स्कूल सुरक्षा और अनुशासन के मामले में पूरे बलियापुर में अग्रणी है और हर पहलू पर प्रशासन विशेष ध्यान देता है।
फिलहाल, पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुट गई है और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीण भी छात्रा की तलाश में सहयोग कर रहे हैं।📢 #Dhanbad #Baliyapur #StudentMissing #SchoolNegligence #JharkhandNews #BreakingNews #VandeBharatNews
















