धनबाद | 6 नवंबर 2025धनबाद सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के दिशा में लगातार हो रहे सुधारों के बीच एक और बड़ी सफलता मिली है। आयुष्मान भारत योजना के तहत एक आर्थिक रूप से कमजोर महिला का 16.88 एमएम पित्त की थैली की पथरी का सफल ऑपरेशन किया गया।
यह उपलब्धि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के नेतृत्व में सदर अस्पताल में जारी स्वास्थ्य सुधार अभियान का परिणाम मानी जा रही है। अब मरीज न केवल भरोसे के साथ इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुँच रहे हैं, बल्कि उन्हें आधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ निःशुल्क मिल रही हैं।सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि झरिया के शालीमार निवासी प्रमिला देवी साव (उम्र 36 वर्ष) पिछले कई दिनों से पेट दर्द से परेशान थीं। निजी अस्पतालों में इलाज कराने के बावजूद राहत नहीं मिलने पर उन्होंने सदर अस्पताल में सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार चौधरी से परामर्श लिया।
जाँच में पाया गया कि मरीज की पित्त की थैली में 16.88 मिमी की पथरी है, जिससे उन्हें एक्यूट कोलेसिस्टिटिस विद कोलेलिथियासिस की गंभीर स्थिति थी। डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी।आज, 6 नवंबर 2025 को डॉ. जितेंद्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में, निश्चेतक डॉ. राज कुमार एवं ओटी सहायक मधुसूदन मरांडी की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह सामान्य और संतोषजनक बताई गई है।
मरीज प्रमिला देवी और उनके परिजनों ने आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क उपचार का लाभ मिलने पर जिला प्रशासन, अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि यह ऑपरेशन किसी निजी अस्पताल में कराया जाता, तो लगभग ₹15,000 से ₹20,000 का खर्च आता, लेकिन सरकारी अस्पताल में यह सुविधा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध हुई।
यह सफलता दर्शाती है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थान अब गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं के साथ ज़रूरतमंदों के लिए विश्वसनीय इलाज का केंद्र बनते जा रहे हैं।#Dhanbad #AyushmanBharat #SadarHospital #PublicHealth #FreeTreatment #Jharkhand #VandeBharatNews















