रांची | 9 नवम्बर 2025 | संवाददाता — Vande Bharat News रांची के सेंट जॉन्स हाई स्कूल मैदान में आयोजित स्वर्गीय कार्डिनल तेलेस्फोर पी. टोप्पो स्मारक इंटर-भिखारिएट फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। तीन दिवसीय इस टूर्नामेंट में मांडर पल्ली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिघिया टीम को 1-0 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की।
विजेता टीम को पुरस्कार स्वरूप ट्रॉफी प्रदान की राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने। कार्यक्रम में रांची आर्च बिशप विंसेंट आइंद विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि “यह मेरे लिए गर्व की बात है कि ट्रॉफी मेरे ही क्षेत्र की टीम के पास गई है। उपविजेता टीम भी उसी क्षेत्र से है, इसलिए मैं जीत को लेकर निश्चिंत थी।”
उन्होंने स्वर्गीय कार्डिनल तेलेस्फोर पी. टोप्पो को याद करते हुए कहा कि वे समाज के मार्गदर्शक और मजबूत स्तंभ थे। “उनकी दूरदर्शिता, त्याग और मानवता के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनका रिश्ता हर व्यक्ति से मानवता का था, किसी विशेष धर्म से नहीं,” उन्होंने कहा।मंत्री ने समाज को कमजोर करने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि “आदिवासी-ईसाई समाज हमेशा से अग्रणी भूमिका में रहा है और आगे भी रहेगा।”
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने घोषणा की कि भविष्य में इस तरह के फुटबॉल टूर्नामेंट का राज्यस्तरीय आयोजन किया जाएगा।टूर्नामेंट में अमित तिर्की को मैन ऑफ द सीरीज, शशि मिंज को बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार दिया गया। वहीं, हुलहुंडू पल्ली को चौथा स्थान और डोरंडा पल्ली को तीसरे स्थान पर रहने के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में संगठन सचिव सुनील लकड़ा, उपाध्यक्ष अटल खेस, महिला संघ की नीलम तिग्गा, अगस्तुक तिर्की, एलेक्स तिर्की, और सुनील फ्रांसिस सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।🏆 #Ranchi #FootballTournament #CardinalToppoMemorial #MandarTeam #VandeBharatNews #SportsJharkhand



















