रांची, 11 नवंबर 2025झारखंड राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आज मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में “सूचना एवं जनसंपर्क विभाग” द्वारा संचालित जन-जागरूकता प्रचार वाहनों के फ्लैग ऑफ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने एक साथ प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये प्रचार वाहन राज्य के सभी जिलों, प्रखंडों और गाँवों में भ्रमण कर झारखंड की 25 वर्षों की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी जनता तक पहुँचाएंगे।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा —> “यह 25 वर्षों की यात्रा झारखंड के आत्मगौरव, संघर्ष और सशक्तिकरण की कहानी है। हमारी सरकार झारखंड को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लक्ष्य पर निरंतर कार्य कर रही है। रजत जयंती के इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाना हम सभी के लिए गर्व का विषय है।”
उन्होंने कहा कि इन प्रचार वाहनों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, किसानों और समाज के सभी वर्गों तक राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचेगी, जिससे जनभागीदारी और विश्वास दोनों मजबूत होंगे।कार्यक्रम में झारखंड की संस्कृति और लोक परंपराओं की झलक भी देखने को मिली। दुमका के संताली बैंड सहित स्थानीय लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत प्रस्तुत कर झारखंड की सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक राजीव लोचन बख्शी सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।



















