धनबाद, 11 नवंबर 2025:धनबाद पुलिस मुख्यालय, समाहरणालय परिसर में सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री प्रभात कुमार की अध्यक्षता में अक्टूबर 2025 माह की मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसएसपी महोदय ने अक्टूबर माह में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से समीक्षा की।
🔹 अपराध नियंत्रण में सुधार–:प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर माह में जिले में 602 नए कांड दर्ज हुए, जबकि 705 मामलों का निष्पादन किया गया। लंबित मामलों की संख्या 2492 से घटकर 2385 रह गई।एसएसपी ने निर्देश दिया कि दिसंबर माह तक लंबित मामलों की संख्या 2000 से नीचे लाने का लक्ष्य प्राप्त किया जाए। कुर्की-वारंट के निष्पादन में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
🔹 कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़–:एसएसपी ने सभी थाना क्षेत्रों में वाहन जांच, होटल व लॉज की औचक जांच और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त गश्त का निर्देश दिया।बाजारों, मॉल और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की उपस्थिति और निगरानी बढ़ाई जाएगी।
🔹 किरायेदार और कर्मियों का अनिवार्य सत्यापन–:एसएसपी प्रभात कुमार ने नागरिकों से अपील की कि मकान, दुकान या गोदाम किराये पर देने से पहले किरायेदार का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं।इसी तरह, चालक, चौकीदार, घरेलू सहायिका या कर्मचारी रखने से पहले उनका सत्यापन कराना भी जरूरी है।
🔹 लूटकांड पर सख्त रुख-:हाल ही में कृषि बाजार में हुए लूटकांड पर एसएसपी ने तत्काल गिरफ्तारी का निर्देश दिया और कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
🔹 ट्रैफिक और सड़क सुरक्षा पर सख्ती–:ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा।बाइक सवार दोनों व्यक्तियों का हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा।फैंसी नंबर प्लेट, ब्लिंकर लाइट, काला शीशा, मॉडिफाइड साइलेंसर, “प्रेस” या “पुलिस” लिखी गाड़ियों और ट्रिपल राइडिंग पर सख्त कार्रवाई होगी।
🔹 साइबर अपराध पर नकेल–:एसएसपी ने बताया कि साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। साइबर थाना में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं।
🔹 जीरो टॉलरेंस की नीति जारी–:एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस की सक्रियता से अक्टूबर माह में कोई बड़ी आपराधिक घटना नहीं हुई।उन्होंने स्पष्ट कहा —> “धनबाद पुलिस संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।”बाइक चोरी, लूट, गृहभेदन और चोरी जैसे अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
🔹 फरियादियों के प्रति संवेदनशीलता–:एसएसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई करें और थाना परिसर को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाए रखें।
🔹 जनता से अपील–:एसएसपी ने नागरिकों से यातायात नियमों के पालन और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना डायल 112 पर देने की अपील की।उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।साथ ही, अपराधियों या रंगदारी गिरोहों को सहयोग देने वालों के खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
🔹 नशा, जुआ और लॉटरी पर विशेष नजर–:एसएसपी ने निर्देश दिया कि नशे के अवैध कारोबार, जुआ और लॉटरी गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए और सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस गश्त के दौरान सतत निगरानी रखी जाए।बैठक में सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और जिले के अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।📍 धनबाद पुलिस मुख्यालय#DhanbadPolice #SSPPrabhatKumar #CrimeReviewMeeting #ZeroTolerance #JharkhandPolice


















