रांची, 12 नवंबर 2025 —झारखंड की स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय परिसर में आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में स्वयं रक्तदान कर राज्यव्यापी स्वैच्छिक रक्तदान महाअभियान का शुभारंभ किया। यह महाअभियान 12 नवंबर से 28 नवंबर तक पूरे राज्य में चलेगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि —> “रक्तदान महादान है। आपका दिया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में मददगार साबित हो सकता है। झारखंड की 25वीं वर्षगांठ जीवनदान और सेवा की भावना को समर्पित हो।”
उन्होंने राज्यवासियों से स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की और कहा कि यह अभियान झारखंड को “जीवनदान का केंद्र” बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने और रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष पहल की है, ताकि किसी अस्पताल में रक्त की कमी से किसी की जान न जाए।
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से शुरू इस अभियान के तहत राज्य के सभी जिलों में बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य रक्त भंडारण को सुदृढ़ करना और हर जरूरतमंद मरीज तक सुरक्षित रक्त पहुँचाना है।स्वैच्छिक रक्तदान महाअभियान के शुभारंभ मौके पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर, इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, योगेंद्र प्रसाद महतो, सुदीव्य कुमार, शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
🩸 “आइए, रक्तदान कर झारखंड को जीवनदायिनी राज्य बनाने का संकल्प लें।” — मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन📰 रिपोर्ट: वंदे भारत न्यूज़, रांची#JharkhandRajatJayanti #HemantSoren #BloodDonationDrive #MegaCamp #JharkhandNews #VandeBharatNews


















