धनबाद | वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों को लेकर डालसा सक्रिय, ओल्ड एज होम में आयुष्मान–पेंशन–हेल्थ–आधार कार्ड वितरित

editor
2 Min Read

धनबाद : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) धनबाद की ओर से मंगलवार को सबलपुर, सहयोगी नगर सेक्टर-3 स्थित ओल्ड एज होम में बुजुर्गों के बीच जागरूकता एवं सेवा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत चल रहे जागरूकता अभियान के क्रम में आश्रम में रह रहे वृद्धजनों को आयुष्मान कार्ड, पेंशन कार्ड, हेल्थ कार्ड, आधार कार्ड एवं राशन कार्ड उपलब्ध कराए गए।

कार्यक्रम में शामिल अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि डालसा के सचिव के निर्देश पर टीम ने आश्रम पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत की तथा उनके आवश्यक दस्तावेजों के नवीनीकरण और उपलब्धता से संबंधित समस्याओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के अधिकारों की रक्षा करना सभी का दायित्व है और डालसा इस दिशा में हर संभव कदम उठा रहा है।

ओल्ड एज होम के अध्यक्ष मोहम्मद नौशाद गद्दी ने डालसा टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बहुत से बुजुर्ग आवश्यक कार्ड के अभाव में सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं प्राप्त कर पाते थे। आज इन कार्डों के वितरण से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने सचिव, नीरज, शैलेंद्र, चंदन और संध्या सहित पूरी टीम को धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम में आश्रम के सह सचिव सुरेंद्र यादव, नीरज गोयल, शैलेंद्र कुमार, चंदन कुमार, संध्या देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। डालसा की ओर से यह पहल वरिष्ठ नागरिकों को योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment