धनबाद, 17 नवंबर 2025आदिवासी संस्कृति एवं कला को बढ़ावा देने की दिशा में धनबाद प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय क्रय समिति की बैठक समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य एजेंडा आदिवासी संस्कृति एवं कला केन्द्र, घुमकुड़िया भवन एवं मांझी भवन में वाद्य यंत्र उपलब्ध कराना था।
बैठक में समिति द्वारा आवश्यक वाद्य यंत्रों के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई। जिन वाद्य यंत्रों को क्रय करने पर सहमति बनी उनमें मांदर, नांगाड़ा, बाँसुरी, बनाम (गीटर), सिंगा घरवा, मांदान भेड़, कोरताल (झाल), घुघरू (लीपुर), फिरी सेट, बाँस डंटा, ड्रेस—धोती, सर्ट, पगड़ी सेट और मुरली शामिल हैं। ये सभी उपकरण जिले के विभिन्न कला केंद्रों में सांस्कृतिक गतिविधियों को सशक्त करने में सहायक होंगे।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बैठक के दौरान जिले के सभी घुमकुड़िया भवनों में 4-4 शौचालय निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि सांस्कृतिक केंद्रों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी श्री नियाज़ अहमद, समिति के अन्य सदस्य तथा माननीय सांसद और विधायक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन ने कहा है कि जल्द ही वाद्य यंत्रों की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जिससे स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक समूहों को मजबूत आधार मिल सकेगा।

















