धनबाद/झरिया: झरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुए हत्या कांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान प्रेम यादव (पिता– सुनील राय), निवासी फुलवरिया, थाना मकेर, जिला सारण (छपरा), बिहार के रूप में हुई है।
घटनास्थल पर ही गिर पड़ा युवक, अस्पताल में हुई मौत-:सूचना मिलते ही झरिया पुलिस मौके पर पहुँची और घायल प्रेम यादव को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटनास्थल से पुलिस ने खोखा, मोबाइल सहित अन्य सामान बरामद किए हैं।
हत्या के मामले में पहले से वांछित था मृतक-:प्रारंभिक जांच में बड़ा खुलासा हुआ है—मृतक प्रेम यादव छपरा जिले के भेल्दी थाना कांड संख्या 258/2025 में एक अन्य अपराधी राहुल पांडेय की हत्या के मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार वह लगभग एक महीने से झरिया में छिपकर रह रहा था।
प्रथम दृष्टया गैंगवार की संभावना-:जांच में मिले प्रारंभिक सुराग यह संकेत दे रहे हैं कि यह घटना गैंगवार का परिणाम हो सकती है। मृतक की पुरानी रंजिश और आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस इस एंगल को गंभीरता से खंगाल रही है।
कांड दर्ज, अपराधियों की तलाश तेज-:झरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर दिया है और तीन थानों की संयुक्त टीम अपराधियों की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच भी जारी है।
सिटी एसपी ने निकाले अहम सुराग-:सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक पहले से ही कई गैंगवार मामलों में संलिप्त था, जिससे यह आशंका और मजबूत होती है कि यह हत्या आपसी गैंग संघर्ष का नतीजा है।पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। झरिया में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
यह घटना झरिया में बढ़ते आपराधिक घटनाक्रम पर सवाल खड़े करती है, वहीं पुलिस पर अपराधियों को पकड़ने का दबाव भी बढ़ गया है।


















