धनबाद/झरिया: झरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुए सनसनीखेज गोलीकांड में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। रत्नजी पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने युवक के सिर में बेहद नजदीक से गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घटना इतनी जल्दी हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही अपराधी भाग चुके थे।
गोली लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की सूचना पर झरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अपनी गाड़ी से अस्पताल भेजा, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम और लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी नौशाद आलम तीन थानों की टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। फुटेज में पूरी वारदात कैद है, जिसके आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस ने घटनास्थल से युवक का मोबाइल फोन, चप्पल और एक खोखा बरामद कर जब्त किया है।एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम ने बताया कि— “मृत युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। हत्या के कारणों की भी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टीम तेजी से कार्रवाई कर रही है और अपराधियों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
घटना की जानकारी मिलते ही झरिया विधायक रागिनी सिंह भी घटनास्थल पर पहुँचीं और पुलिस से मामले की त्वरित कार्रवाई की मांग की।
इस दिनदहाड़े हुई वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।





















