धनबाद में अनक्लेम्ड डिपॉजिट के निस्तारण हेतु विशेष शिविर 21 नवंबर कोजिला प्रशासन व बैंकों की संयुक्त पहल, लोगों से शिविर में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील

editor
2 Min Read

धनबाद, 18 नवंबर 2025वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस), भारत सरकार के निर्देश पर धनबाद जिले में अनक्लेम्ड डिपॉजिट (निष्क्रिय खातों व जमा राशियों) से संबंधित जागरूकता और निस्तारण के लिए जिला स्तरीय विशेष शिविर आगामी 21 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। यह शिविर सुबह 11 बजे उत्सव भवन, कला भवन के सामने, लुबी सर्कुलर रोड पर लगाया जाएगा।

शिविर में जिले के विभिन्न बैंकों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और लोगों को उनके पुराने, निष्क्रिय या अनुपयोगी बैंक खातों, सावधि जमा (FD), पीपीएफ व अन्य जमा योजनाओं से संबंधित अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएंगे। साथ ही, इन खातों में पड़ी राशि को प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।

अग्रणी जिला प्रबंधक श्री अमित कुमार ने बताया कि अनेक लोगों की जमा राशि वर्षों से उनके अथवा उनके परिजनों के खातों में निष्क्रिय पड़ी रहती है, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं रहती। ऐसे मामलों के निस्तारण व पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से यह विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने पुराने बैंक खातों, जमा योजनाओं या मृतक परिजनों के बैंक खातों से जुड़ी जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में अवश्य पहुंचें, ताकि निष्क्रिय पड़ी जमा राशि का समुचित लाभ उन्हें मिल सके।जिला प्रशासन व बैंक अधिकारियों का मानना है कि ऐसे शिविर वित्तीय जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और निष्क्रिय पूंजी को दोबारा वित्तीय व्यवस्था में शामिल करने का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

Leave a Comment